
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
- 3 मई को बालनेर में होगा कुन्बी समाज का नि:शुल्क कन्यादान महोत्सव
- गांव गांव बाटे जा रहे आमंत्रण कार्ड, कार्यक्रम की तैयारी लगभग पूर्ण ।
भैंसदेही:- प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी क्षत्रिय लोणारी कुन्बी समाज संगठन भैंसदेही के तत्वावधान में ग्राम बालेनर में नि:शुल्क कन्यादान महोत्सव का सुंदर आयोजन किया जा रहा है। कुन्बी समाज संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष श्री वासुदेव धोटे के नेतृत्व में कुनबी समाज संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण गांव- गांव पहुंचकर सामाजिक बंधुओं को आमंत्रण कार्ड देकर कार्यक्रम में उपस्थित होने की अपील कर रहे हैं। तीन मई को होने वाले इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम की शुरुवात 01 मई को खनमिट्टी से प्रारंभ हो चुकी है। वहीं 2 मई को मंडपाच्छादन और 3 मई को दोपहर 1 बजे ग्राम बालनेर में निशुल्क कन्यादान महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके, जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री श्री मोहन नागर, भैंसदेही विधायक श्री महेन्द्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, पूर्व केबिनेट मंत्री श्री सुखदेव पांसे, कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री निलय डागा, पूर्व विधायक श्री धरमू सिंह सिरसाम, पूर्व विधायक श्री पीआर बोडखे, बैतूल नपा अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर सहित अन्य अतिथिगण मौजूद रहेगे। समाज संगठन के ब्लाक अध्यक्ष वासुदेव धोटे एवं महिला संगठन ब्लाक अध्यक्ष श्रीमति पावस प्रमोद महाले ने बताया कि समाज द्वारा यह 11वां नि:शुल्क कन्यादान महोत्सव का आयोजन है। जिसमें 03 मई को सभी बारात वर पक्ष के घर से प्रात: 9 बजे प्रस्थान करेगी और 11 बजे बालनेर पहुंचेगी। जनवासे की व्यवस्था प्राथमिक शाला भवन प्रांगण में की गई है। जिसके पश्चात बारात कन्यादान महोत्सव कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी, जहां हिन्दू रीति-रिवाजों के अनुसार वर-वधुओं का विवाह संपन्न कराया जायेगा। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष श्री वासुदेव धोटे एवं श्रीमति पावस महाले ने सभी सामाजिक बंधुओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।