
कलेक्टर डॉ सोनवणे पहुंचे जिला अस्पताल, सड़क दुर्घटना में घायलों को समुचित उपचार के निर्देश
ग्राम हिवारखेड़ी के निकट हुए सड़क हादसे में घायल 31 लोगों को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर चिकित्सकों को समुचित एवं त्वरित उपचार के निर्देश दिए।

उन्होंने गंभीर घायलों की विशेष निगरानी रखने तथा सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एसडीओपी श्री सुनील लाटा भी उपस्थित रहें।
तहसीलदार बैतूल पूनम साहु ने बताया कि सभी घायल ग्राम मुड़ापार, तहसील मुल्ताई के निवासी हैं, जो आयशर ट्रक से मां चंडी मंदिर, तहसील चिचोली में दर्शन हेतु गए थे। दर्शन कर लौटते समय हिवारखेड़ी के निकट ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
दुर्घटना में घायल 31 लोगों को तत्काल जिला अस्पताल बैतूल लाकर भर्ती कराया गया।

उपचार के दौरान सुखराम, उम्र लगभग 70 वर्ष, की मृत्यु हो गई। वहीं राम्मीबाई उम्र 50 वर्ष तथा शुभम उम्र 23 वर्ष को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। शेष सभी घायलों की हालत सामान्य बताई गई है तथा उनका उपचार जारी है।






