
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल के हिल स्टेशन कुकरु में सनसेट पॉइंट पर देखा मनोहारी सूर्यास्त।
- कुकरु की प्राकृतिक छटा से अभिभूत हुए मुख्यमंत्री, पर्यटन विकास की संभावनाओं पर की चर्चा ।
- प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के दिए निर्देश ।
भैंसदेही:- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भैंसदेही प्रवास के दौरान जिले के सुप्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरु का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कुकरु स्थित सिपना सनसेट पॉइंट पर पहुंचकर सूर्यास्त के मनोहारी एवं अलौकिक दृश्य का अवलोकन किया तथा क्षेत्र की अनुपम प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कुकरु की रमणीय पर्वत श्रृंखलाओं, हरित वनों और प्राकृतिक वातावरण से अभिभूत नजर आए। उन्होंने कहा कि कुकरु प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित होने की अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध कुकरु न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित करेगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय कार्य विभाग एवं क्षेत्रीय सांसद श्री दुर्गादास उइके, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख,आमला विधायक डॉ. योगेश पंडागरे, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा उइके, जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, आयुक्त श्री श्रीकांत बनोठ,कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।