
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
- अधिवक्ता संघ भैंसदेही के चुनाव की सरगर्मियां तेज । अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए आज होगा मतदान।
- अध्यक्ष पद के लिए तीन एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए दो उम्मीदवार चुनावी मैदान में।
- शेष पदों पर एक-एक उम्मीदवार होने से र्निविरोध होंगे निर्वाचित।
भैंसदेही:- अधिवक्ता संघ भैंसदेही की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूर्ण होने पर नई कार्यकारिणी के गठन हेतु निर्वाचन अधिकारी अधिवक्ता के.एस. गज्जलवार एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी महेंद्र मालवीय द्वारा दिनांक 5 जून 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। जिसमें संघ के सभी निर्धारित पदों पर नाम निर्देशन पत्र आमंत्रित किए गए थे। नाम वापसी की निर्धारित तिथि 15 जून 2026 को नाम वापसी के पश्चात अध्यक्ष पद हेतु तीन उम्मीदवार जिसमें अधिवक्ता सुनील सिंह चौहान, अधिवक्ता संतोष कुमार राठौर एवं अधिवक्ता हितेश कुमार मालवीय अध्यक्ष पद हेतू चुनावी मैदान में है। वहीं उपाध्यक्ष पद हेतू एकमात्र उम्मीदवार अधिवक्ता दिनेश कुमार कनाठे , सचिव पद हेतु एकमात्र उम्मीदवार अधिवक्ता दुर्गेश नखाते तथा सह सचिव पद हेतु एकमात्र उम्मीदवार अधिवक्ता विनोद छितकारे का सिंगल नाम निर्देशन पत्र होने के कारण उपाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार कनाठे, सचिव पद पर दुर्गेश नखाते एवं सहसचिव पद पर विनोद छितकारे का निर्विरोध रूप से निर्वाचित होना तय है जिसकी विधिवत घोषणा निर्धारित समय पर निर्वाचन अधिकारी द्वारा की जाएगी। जिला बार प्रतिनिधि एवं लाइब्रेरियन के रिक्त पद हेतू एक भी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं होने के कारण वे पद फिलहाल रिक्त रखे गए है।
निर्वाचन अधिकारी के.एस.गज्जलवार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष के पद हेतु आज प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान किया जावेगा। केवल निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी की गई अधिकृत मतदाता सूची में दर्ज अधिवक्ताओं के द्वारा ही अपने मताधिकार का उपयोग किया जा सकेगा। अन्य किसी भी व्यक्ति को मतदान में भाग लेने का अधिकार नहीं होगा। मतदान केंद्र के भीतर गोपनीयता बनाए रखने हेतु मतदान के दौरान मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
अधिवक्ता संघ भैंसदेही के महत्वपूर्ण अध्यक्ष पद हेतु सुनिल सिंह चौहान, संतोष कुमार राठौर एवं हितेष मालवीय के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होना लगभग तय माना जा रहा है। तीनों ही उम्मीदवार अपनी- अपनी जीत को लेकर आशान्वित नजर आ रहे है। अध्यक्ष पद हेतू तीनों ही प्रत्याशी कार्य कुशलता की दृष्टि से अधिवक्ताओं के चहेते, दबंग, सक्रिय एवं दमदार है । इसलिए विश्लेषण कर पाना मुश्किल है कि अध्यक्ष पद की ताजपोशी आखिरकार किसके सिर होगी।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील सिंह चौहान जहां पूर्व में अध्यक्ष पद पर आसीन रह चुके है तथा उनका कार्यकाल भी बेहतर रहा है। अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान उनके द्वारा अधिवक्ताओं के हित में अनेक कार्य किए गए हैं ऐसी स्थिति में उनको उनकी कार्य कुशलता , स्वच्छ छवि एवं अनुभवों का पुनः लाभ मिल सकता है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संतोष कुमार राठौर को पूर्व में अध्यक्ष पद की दौड़ में सिनियर के साथ ही जूनियर अधिवक्ताओं का अच्छा खासा समर्थन प्राप्त हुआ था। इस बार वे पुनः अध्यक्ष की दौड़ में शामिल है। वर्तमान कार्यकारणी में वे सचिव के पद पर आसीन रहे हैं तथा उनका कार्यकाल भी बेहतर रहा है। उनके कार्यकाल में अधिवक्ताओं के हित में अधिवक्ता शैड निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत हुए है। अधिवक्ता गण उनकी दबंग कार्यप्रणाली के कायल है। ऐसी स्थिति में उन्हें अध्यक्ष पद पर मौका मिल सकता है।
अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हितेष मालवीय युवा होने के साथ ही नया चेहरा है। जिनसे अधिवक्ताओं को अधिवक्ताओं के हित में कुछ नया करने की उम्मीदें है। स्वच्छ छवि, युवा एवं नया चेहरा होने के साथ ही उन्हें अपने पिता वरिष्ठ अधिवक्ता एस.के.मालवीय जी के मार्गदर्शन एवं अनुभवो का लाभ भी मिल सकता है। वे एक नए चेहरे के रूप में बेहतर उम्मीदवार हो सकते है।
कुल मिलाकर अध्यक्ष पद के तीनों ही उम्मीदवार शिक्षित, अनुभवी, बेहतर एवं लायक है। इसलिए अभी यह कह पाना मुश्किल है कि अध्यक्ष का ताज आखिर किसके सिर होगा यह तो चुनाव परिणाम आने के बाद ही तय हो सकेगा। फिलहाल कयासों का दौर जारी है।
कोषाध्यक्ष पद पर नितिन शेंडे एवं देवेन्द्र चंदेल के बीच होगा मुकाबला ।
————–
कोषाध्यक्ष के महत्वपूर्ण पद पर अधिवक्ता नितिन शेंडे एवं अधिवक्ता देवेंद्र चंदेल के बीच कड़ा मुकाबला होगा। दोनों ही उम्मीदवार युवा, शिक्षित एवं अनुभवशील है । नितिन शेंडे पूर्व कार्यकारिणी में भी पदाधिकारी रह चुके है जिनके कार्यकाल में अनेक कार्य सम्पन्न हुए हैं उन्हे बेहतर कार्यक्षमता व अनुभव का लाभ मिल सकता है। उनकी दबंग एवं बेबाक कार्यप्रणाली
के चलते वे एक अच्छे कोषाध्यक्ष हो सकते हैं। वहीं कोषाध्यक्ष के दूसरे उम्मीदवार देवेंद्र चंदेल युवा होने के साथ ही नया चेहरा है। उनकी स्वच्छ छवि ,बेबाक कार्य प्रणाली व नये चेहरे के चलते वे बेहतर कोषाध्यक्ष हो सकते है साथ ही उन्हे अपने पिता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता जी.एल.चंदेल के मार्गदर्शन एवं अनुभवों का लाभ भी मिल सकता है।
कोषाध्यक्ष पद के दोनों ही उम्मीदवार दमदार है ऐसी स्थिति में यह कह पाना मुश्किल है कि आखिर कोषाध्यक्ष का ताज किसके सिर होगा। यह तो मतगणना के परिणाम आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल दावे एवं कयासों का दौर जारी है।
निर्वाचन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक मतदान होगा। मतदान सम्पन्न होने के पश्चात निर्धारित समय पर मतगणना प्रारंभ की जाएगी तथा मतगणना के उपरांत निर्वाचन अधिकारी द्वारा चुनाव परिणामों की घोषणा की जावेगी।
अधिवक्ता संघ भैंसदेही का आगामी अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष कौन होगा इस बात की चर्चा नगर के चौक -चौराहों एवं पानठेलो पर अक्सर सुनाई देती है। फिलहाल दांवो एवं कयासो का दौर जारी है।
निर्वाचन अधिकारी के.एस. गज्जलवार एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी महेन्द्र मालवीय ने सभी मतदाता अधिवक्ताओं से निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण मतदान करने की अपील की है।