
ब्यूरो रिपोर्ट
बैतूल। गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से चल रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण के तहत सोमवार को बैतूल में विशाल प्रार्थना यात्रा निकलेगी। देशभर के जिलों से जिलाधीशों के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के राज्यपाल और मुख्यमंत्री को 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र सौंपे जाएंगे। अभियान के तहत गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और केंद्रीय गो-चारा नीति सहित 30 से अधिक मांगें रखी जाएंगी।

जिला प्रभारी के अनुसार बैतूल से लगभग एक लाख हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा जाएगा। सभी गोभक्तों को सोमवार सुबह 7:30 बजे शहीद दीपक यादव चौक, सदर में एकत्र होने का आह्वान किया गया है। सुबह 8 बजे गोमाता पूजन, शंखनाद और सामूहिक विजय मंत्र जप होगा। इसके बाद सुबह 10 बजे झंडे, बैनर, प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना यात्रा कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी।

यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम का स्वरूप, गोमाता-बछड़े की झांकी और अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। बैलगाड़ी पर हस्ताक्षर पत्रों को भी शोभायात्रा में शामिल किया जाएगा। संत-महात्माओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में जिलाधीश के माध्यम से सरकार को प्रार्थना-पत्र सौंपा जाएगा।
अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने जिले के नागरिकों से परिवार सहित पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के लिए चलाए जा रहे जनजागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

