
ब्यूरो रिपोर्ट
🔹 घरेलू कामकाज को लेकर हुए विवाद में बुजुर्ग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, घटना के बाद फरार था आरोपी
🔹 संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर 12 दिन बाद आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायालय में पेश कर भेजा जेल
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन के कुशल मार्गदर्शन में जिले में हत्या एवं अन्य गंभीर आपराधिक प्रकरणों के शीघ्र निराकरण तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश कुमार खरपूसे एवं एसडीओपी शाहपुर सुश्री सेफा हाशमी के मार्गदर्शन में थाना बीजादेही पुलिस ने हत्या के गंभीर प्रकरण में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।

🔹 घटना का विवरण
थाना बीजादेही क्षेत्र के ग्राम रतनढाना में दिनांक 04.08.2026 की रात्रि करीब 10 बजे घरेलू काम-काज को लेकर हुए विवाद में आरोपी राजू काजले पिता रामलाल काजले, उम्र 43 वर्ष, निवासी रतनढाना ने अपने ही परिवार के रामदयाल पिता मुन्नी काजले पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट आने के कारण रामदयाल की मृत्यु हो गई।
🔹घटना की सूचना पर थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक आर.के. मीणा तत्काल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मौके को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।
🔹 अपराध पंजीयन
प्रकरण में थाना बीजादेही में अपराध क्रमांक 51/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

🔹पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन के निर्देशानुसार एसडीओपी शाहपुर सुश्री सेफा हाशमी एवं सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए गए तथा विधिवत फोटोग्राफी कराई गई। मृतक के सिर एवं चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु शासकीय चिकित्सालय शाहपुर भेजा गया। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
🔹फरार आरोपी की गिरफ्तारी
घटना के बाद आरोपी राजू काजले फरार हो गया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी बीजादेही निरीक्षक आर.के. मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
🔹विशेष टीम द्वारा आरोपी के संभावित ठिकानों की लगातार तलाश एवं दबिश दी गई। पुलिस के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आरोपी राजू काजले को दिनांक 16.08.2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
🔹गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी एवं प्रकरण के निराकरण में थाना प्रभारी निरीक्षक आर.के. मीणा, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक जी.पी. बिल्लोरे, प्रधान आरक्षक 229 देवीप्रसाद, आरक्षक 382 ऋषिराज, आरक्षक 264 अजय एवं आरक्षक 324 सोहिल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔸 पारिवारिक विवादों को हिंसा का रूप न दें – पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन ने आमजन से अपील की है कि पारिवारिक रिश्ते विश्वास, संयम और संवाद पर आधारित होते हैं। छोटी-छोटी घरेलू बातों, काम-काज अथवा आपसी मतभेदों को लेकर विवाद को मारपीट और हिंसा का रूप न दें। क्षणिक आक्रोश में उठाया गया एक गलत कदम पूरे परिवार को जीवनभर का दुख दे सकता है।

परिवार में किसी बात को लेकर विवाद या तनाव की स्थिति उत्पन्न होने पर संयम बनाए रखें, आपसी बातचीत से समस्या का समाधान करें तथा आवश्यकता होने पर परिजनों, समाज के जिम्मेदार लोगों अथवा पुलिस की सहायता लें। कानून को हाथ में लेकर हिंसा करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
बैतूल पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि विवाद को बढ़ाने के बजाय संवाद को चुनें और क्रोध में ऐसा कोई कदम न उठाएं, जिसका पछतावा जीवनभर करना पड़े।
