
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
भैंसदेही- विकासखंड के सभी आठ जन शिक्षा केन्द्रों में शनिवार को राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार कक्षा 3 से 5 एवं 6 से 8 पढाने वाले शिक्षकों का सत्र का अंतिम सफलतम शैक्षिक संवाद आयोजित किया गया l जिसमें कक्षा तीन से आठ तक के सभी शिक्षकों ने सहभागिता की l

विकासखंड के शैक्षिक संवाद के नोडल बीएसी श्रीराम भुस्कुटे ने बताया कि नई शिक्षा नीति- 2020 के अंतर्गत विगत माह अगस्त- 2025 से जन शिक्षा केंद्र स्तरीय शैक्षिक संवाद प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को कक्षा पहली -दूसरी के शिक्षकों का, तीसरे शनिवार को कक्षा तीन से पांच के शिक्षकों का तथा चौथे शनिवार को 6 से 8 पढाने वाले शिक्षकों का आयोजित किया गया ,जिसका मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना तथा शिक्षण अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है l

आयोजित किए गए शैक्षिक संवाद की मॉनिटरिंग डाइट के प्रशिक्षण प्रभारी गजानन पंडाग्रे, डीआरजी रितेश पठाडे, जिला शिक्षा केंद्र के एपीसी वासुदेव धोटे, बीआरसी सुखदेव धोटे, बीएसी श्रीराम भुस्कुटे, दिनेश छितकारे,हरिराम उईके तथा समस्त जन शिक्षकों द्वारा की गई।





