
ब्यूरो रिपोर्ट
- कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नलकूप को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के दिए निर्देश
- कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पेयजल सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्रभातपट्टन तहसील के ग्राम नागथाना में आवेदक द्वारा नलकूप पर अवैध कब्जे की शिकायत पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सीईओ जनपद पंचायत प्रभातपट्टन को तत्काल नलकूप को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।




