
पूरी खबर पढ़ने आज ही मेम्बरशिप लें और पढ़े सभी प्रीमियम खबरे लाईव वेब टीवी सहित
ब्यूरो रिपोर्ट
पाथाखेड़ा। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोली) की तीन दिवसीय अंतरक्षेत्रीय शतरंज, कैरम एवं ब्रिज प्रतियोगिता का आयोजन 22, 23 एवं 24 जुलाई को माजरी क्षेत्र में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ माजरी क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक श्री राकेश प्रसाद के करकमलों द्वारा किया गया।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में वेकोली के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में पाथाखेड़ा क्षेत्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पाथाखेड़ा क्षेत्र ने कैरम प्रतियोगिता में उपविजेता तथा ब्रिज प्रतियोगिता में उपविजेता का गौरव प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का एक ऐतिहासिक पहलू यह भी रहा कि वेकोली के इतिहास में पहली बार महिला खिलाड़ियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई। पाथाखेड़ा क्षेत्र की महिला खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स एवं डबल्स स्पर्धाओं में विजेता बनकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया और इतिहास रच दिया।
ब्रिज ओपन चैंपियनशिप में हिमांशु शर्मा, कृष्णा सैनी, शरद उगड़े एवं सुनील बांके की टीम विजेता रही, जबकि अंकित चौरसे एवं चंद्रमोहन सिंगल की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।

प्रतियोगिता का समापन समारोह 24 जुलाई को आयोजित किया गया, जिसमें वेकोली के निदेशक (मानव संसाधन) श्री विक्रम घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वेकोली स्टियरिंग कमेटी के सदस्य, वेकोली कल्याण समिति के सदस्य तथा विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी एवं खेल प्रेमी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पाथाखेड़ा क्षेत्र के खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। यह उपलब्धि न केवल पाथाखेड़ा क्षेत्र बल्कि संपूर्ण वेकोली के लिए गर्व का विषय है तथा खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचायक है।
