
ब्यूरो रिपोर्ट
वार्ड नंबर 3 में नाले की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला इन दिनों क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अतिक्रमणकारी को संरक्षण देने के आरोप में घिरे थाना सारणी के प्रधान आरक्षक को पुलिस अधीक्षक (SP) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल हटा दिया है। इस पुलिसिया कार्रवाई के बाद अब आम जनता की नजरें सरकारी जमीन पर किए गए उस अतिक्रमण पर टिकी हैं, जहां सीमेंट के पोल गाड़कर अवैध कब्जा किया गया है। लोग अब प्रशासन द्वारा इस अतिक्रमण को ढहाने की कार्रवाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
नाले की जमीन पर पक्की बाउंड्री वॉल का निर्माण
मामला वार्ड नंबर 3 सारणी नगर पालिका क्षेत्र का है, जहां अब्दुल अजीज नामक व्यक्ति द्वारा नाले की सरकारी जमीन पर कब्जा कर सीमेंट की पक्की बाउंड्री वॉल बनाने का आरोप है। यह अवैध निर्माण लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन की चुप्पी पर भी अब सवाल उठने लगे हैं।

बेबस बुजुर्ग महिला के आशियाने पर संकट
शिकायतकर्ता 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला सक्कूबाई ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि अब्दुल अजीज द्वारा उनके घर के ठीक बाजू में बाउंड्री वॉल बना ली गई है। इस निर्माण के कारण बरसात का पानी नाले में न जा कर बहकर सीधे उनके घर के भीतर घुस रहा है। सक्कूबाई ने रुंधे गले से कहा कि वह जैसे-तैसे अपनी बेटी के साथ एक झोपड़ीनुमा घर में रहकर अपना जीवन गुजार रही हैं।

घर से भगाने की साजिश का आरोप
बुजुर्ग महिला का आरोप है कि अब्दुल अजीज और उसका परिवार उनके घर के पीछे और बाजू की खाली जमीन पर भी लगातार कब्जा करता जा रहा है। महिला ने आशंका जताई है कि आरोपी की मंशा उन्हें प्रताड़ित करने की है, ताकि वे परेशान होकर अपनी जगह छोड़कर कहीं और चले जाएं और वह पूरी जमीन पर अपना हक जमा सके।
पीड़ित बुजुर्ग महिला ने अब जिला कलेक्टर से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र न्यायसंगत कार्रवाई करने और अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाने की मांग की है।