
sarni news chinhar company सारनी। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। सारनी अंचल के सतपुड़ा ताप विद्युत गृह (सारनी) की पुरानी यूनिट को तोड़ने का काम कर रही चिनार स्टील सेगमेंट सेंटर प्रा. लि. कंपनी में मजदूरों के शोषण और गुंडागर्दी की बड़ी वारदात हुई है। हक का पैसा और मजदूरी मांगने पर कोलकाता के ठेकेदार बापी राउत ने एक गरीब ठेका श्रमिक राम मनोहर चौहान के साथ बीच सड़क पर जमकर मारपीट की। पीड़ित मजदूर की शिकायत पर सारनी थाना पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला और घटना? (Full Case Details)
घटना के संबंध में पीड़ित ठेका श्रमिक राम मनोहर चौहान ने पुलिस थाना सारनी में अपनी रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि उसे चिनार कंपनी में हेल्पर के पद पर रखा गया था, लेकिन उससे कटिंग और अन्य भारी काम कराए जा रहे थे, जिसके बदले में उसे मात्र ₹500 दिहाड़ी दी जा रही थी। त्योहार के समय जब मजदूर ने अपने हक का पैसा मांगा, तो ठेकेदार बापी राउत टालमटोल करने लगा।
हद तो तब हो गई जब मंगलवार को प्लांट के अंदर पैसा नहीं मिलने पर मजदूर शाम को जब जय स्तंभ चौक पर खड़ा था, तब ठेकेदार बापी राउत ने अपनी फॉर्च्यूनर कार रोकी और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद ठेकेदार ने चिनार कंपनी के अकाउंटेंट प्रवीण को इनोवा कार से मौके पर बुलाया और दोनों ने मिलकर गरीब मजदूर की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। वहां मौजूद स्थानीय युवाओं ने बीच-बचाव कर मजदूर की जान बचाई।
स्थानीय दलालों के खिलाफ युवाओं में भारी आक्रोश
इस घटना के बाद सारनी क्षेत्र में बाहरी ठेकेदारों की गुंडागर्दी और उनका साथ देने वाले स्थानीय दलालों के खिलाफ भारी जनाक्रोश पनप रहा है। स्थानीय युवाओं और कांग्रेस के युवा नेताओं ने मजदूर के साथ थाने पहुंचकर गुंडागर्दी के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि बाहरी कंपनियां स्थानीय मजदूरों का शोषण कर रही हैं और क्षेत्र के ही दो रसूखदार दलाल बाहरी ठेकेदारों की चरण वंदना कर रहे हैं। इन दलालों ने पीड़ित मजदूर के खिलाफ ही काउंटर केस दर्ज करवा दिया है, जिससे युवाओं में भारी गुस्सा है।
भारतीय मजदूर संघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
इधर, भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष राकेश नामदेव ने इस पूरी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार द्वारा भुगतान मांगने पर मारपीट की जानकारी मिली है। इस संबंध में ठेकेदार बापी राउत की शिकायत मुख्य अभियंता से की जाएगी। मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि श्रमिकों के शोषण और मारपीट के मामले में मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर चिनार कंपनी के ठेकेदार पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। sarni news chinhar company
पुलिस प्रशासन का क्या है कहना?
सारनी थाना प्रभारी जयपाल इनवाती ने बताया कि राम मनोहर चौहान और ठेकेदार बापी राउत दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से काउंटर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।




