
Official Notice issued to BEO and PIU मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शनिवार को मंगल भवन आठनेर में क्लस्टर स्तरीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम आष्टी, हिडली, मेंढाछिंदवाड, सूकी, बड़ाली, गोडी घोघरा, अम्बाड़ा, बोथी, खैरवाडा, टेमनी, तथा कोयलारी सहित अन्य ग्रामों के ग्रामीणों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया।
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में सुनी समस्याएं
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को अपनी शिकायतों के निराकरण के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को उनके नजदीकी क्षेत्रों में मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
11 यूनिट रक्तदान
शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोशनी इवने, उपाध्यक्ष श्री रामचरण इरपाचे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुषमा मनोज जगताप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। क्लस्टर स्तरीय शिविर में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें नागरिकों द्वारा 11 यूनिट रक्तदान किया गया।
शिविर में ग्राम हिड़ली में सांदीपनी स्कूल में पेयजल एवं बाउंड्रीवॉल की समस्या संबंधी आवेदन पर कलेक्टर ने बीईओ एवं पीआईयू के संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम एवं तहसीलदार को तत्काल स्थल निरीक्षण कर पेयजल समस्या के निराकरण के सख्त निर्देश दिए। ग्राम में हैंडपंप की समस्या पर पीएचई के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बरखेड़ निवासी चंद्रकांत आवठे द्वारा अतिक्रमण संबंधी शिकायत प्रस्तुत करने पर कलेक्टर ने तहसीलदार से प्रकरण की जानकारी ली। ठानी निवासी घनश्याम चढ़ोकार द्वारा विद्युत केबल एवं पोल क्षतिग्रस्त होने की शिकायत पर एमपीईबी के अधिकारियों को समस्या का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। ग्राम आष्टी निवासी रामदयाल उबनारे द्वारा जन्म प्रमाण-पत्र बनाए जाने संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत के संबंधित अधिकारी से जानकारी ली तथा तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए।
नोटिस जारी करने के निर्देश
ग्राम पंचायत धामोरी के ग्रामीणों ने पंचायत द्वारा स्कूल की बाउंड्री वॉल, स्कूल छत सहित निर्माण कार्य अधूरे होने की शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से सुन कलेक्टर ने जीआरएस रामेश्वर सातपुते को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए एसडीएम को निरीक्षण के निर्देश दिए।




