
बैतूल जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं दोषियों के विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपूसे एवं एसडीओपी मुलताई श्री एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक विकास पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
घटना का विवरण
दिनांक 21.09.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक डंपर/ट्रक अवैध रूप से रेत भरकर हिवरखेड़ से मुलताई की ओर आ रहा है। सूचना पर मुलताई पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए खंबारा टोल के पास घेराबंदी की गई।
इसी दौरान एक 12 पहिया डंपर क्रमांक MH 27 EH 2114 को रेत का परिवहन करते हुए रोका गया। चालक अजय पिता धनराज युवनाते, उम्र 30 वर्ष, निवासी उमरेड, तहसील मोर्शी, थाना बेनोडा से रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
पुलिस द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार कर डंपर को थाना मुलताई लाया गया। डंपर में भरी रेत के संबंध में खनिज विभाग को सूचना दी गई तथा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु डंपर एवं प्रकरण खनिज विभाग को सुपुर्द किया गया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास पटेल, प्रधान आरक्षक सोनू ठाकुर, आरक्षक विवेक चौरे, आरक्षक सेवाराम, आरक्षक प्रिंस एवं आरक्षक नरेंद्र कुशवाहा की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस अथवा संबंधित विभाग को सूचना दें। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नागरिक स्वयं भी अवैध रेत के परिवहन में संलिप्त वाहनों अथवा व्यक्तियों का सहयोग न करें।






