
ब्यूरो रिपोर्ट
- लाखों की लागत से लगे ओपन जिम उपकरण बने शो-पीस
- मेंटेनेंस के अभाव में पुलिस ग्राउंड के पास टूटे उपकरण, सुबह की सैर करने वाले परेशान
बैतूल पुलिस ग्राउंड में ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध है, जहाँ सुबह की सैर के लिए आने वाले आम नागरिक एवं खिलाड़ी दौड़ने और टहलने के साथ-साथ फिजिकल फिटनेस के लिए व्यायाम भी कर सकते हैं। यहाँ लगभग 12 तरह की कसरत मशीनें और उपकरण लगाए गए हैं, जो आम जनता के लिए सुबह-शाम कसरत करने का एक बेहतरीन साधन हैं। लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव के अभाव में लगे ये जिम उपकरण टूट-फूट गए हैं। जिससे सुबह व्यायाम करने वालों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि
कुछ उपकरण पूरी तरह खराब हो चुके हैं, तो कुछ इस कदर जर्जर हालत में हैं कि उनका उपयोग करना दुर्घटना को न्योता देना है। परिणामस्वरूप स्वास्थ्य के लिए लगाए गए ये उपकरण अब केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस ओर न तो संबंधित विभाग का ध्यान है और न ही जिम्मेदार अधिकारी सुध लेने को तैयार दिखाई दे रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत और नियमित देखरेख की जाती, तो लाखों की सार्वजनिक संपत्ति इस हालत में नहीं पहुँचती।
शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन उपकरणों की मरम्मत कराई जाए, नियमित मेंटेनेंस की व्यवस्था की जाए और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाए, ताकि आमजन फिर से सुरक्षित रूप से व्यायाम कर सकें और सरकारी धन का सही उपयोग हो सके।