
ब्यूरो रिपोर्ट
इंदौर तेजाजी नगर बायपास पर रालामंडल के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पूर्व गृहमंत्री और कांग्रेस विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु शामिल हैं। घायल युवती की पहचान अनुष्का राठी के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री बाला बच्चन की पुत्री के आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीँ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी कहा है की सड़क हादसे में निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें और परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करे।