
ब्यूरो रिपोर्ट
संभागायुक्त नर्मदापुरम श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को बैतूल जनपद के दूरस्थ जनजातीय ग्राम साजपुर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, वन मंडल अधिकारी श्री नवीन गर्ग, वन मंडल अधिकारी श्री लक्ष्मीकांत वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने वन रक्षक आवास बीट पश्चिम साजपुर परिसर में ग्रामीणों के साथ आत्मीय चर्चा कर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पशुपालन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने वन अधिकार अधिनियम से संबंधित प्रकरणों पर ग्रामीणों से चर्चा कर उनके शीघ्र निराकरण के लिए वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ग्रामीणों से पेयजल व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि ग्राम में घर-घर नल के माध्यम से सुचारु जल आपूर्ति हो रही है। इसके अतिरिक्त संभागायुक्त ने आंगनवाड़ी एवं स्कूल के संचालन तथा पोषण आहार वितरण की स्थिति की जानकारी ली, जिस पर ग्रामीणों ने बताया कि आंगनवाड़ी एवं स्कूल नियमित रूप से संचालित हो रहे हैं तथा बच्चों को पोषण आहार भी वितरित किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के संबंध में भी ग्रामीणों से चर्चा की।

संभागायुक्त श्री तिवारी ने गौसेवक पशु मित्र प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत ग्राम में एक पशु सेवक की नियुक्ति के निर्देश उप संचालक पशुपालन को दिए, जिससे पशुपालन, पशु टीकाकरण एवं उपचार की सुविधाएं ग्रामीणों को त्वरित रूप से उपलब्ध हो सकें। साथ ही उन्होंने पशु संजीवनी 1962 सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए पशुपालकों को घर पहुंच पशु उपचार सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान उप संचालक पशुपालन श्री सुरजीत सिंह भी उपस्थित रहे।