
ब्यूरो रिपोर्ट
- संघ कार्य के 100 वर्ष व्यक्ति निर्माण एवं हिन्दुत्व के जागरण में लगे है – देवीसिंह मीणा
- सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सहभोज से गंज–सिविल लाईन क्षेत्र का हिन्दू सम्मेलन सम्पन्न,
- हजारों हिंदू बंधु,भगिनी हुए सहभागी
- भव्य झांकी के साथ निकली शोभायात्रा
बैतूल।सकल हिन्दू समाज बैतूल द्वारा 11 जनवरी रविवार को जेएच कॉलेज बैतूल के अटल सभागृह में आयोजित हुए गायत्री बस्ती गंज के हिन्दू सम्मेलन में रविवार को शोभायात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम,
प्रदर्शनी, प्रेरक ओजस्वी उद्बोधन और सामाजिक समरसता का संदेश देते सहभोज द्वारा धर्मजागरण का शंखनाद हुआ।
हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नर्मदापुरम विभाग कार्यवाह देवीसिंह मीणा उपस्थित थे। अन्य अतिथियों में समिति संरक्षक श्रीकांत दीक्षित, रमेश प्रसाद मिश्रा, मुकेश खंडेलवाल, कश्मीर लाल बतरा, हरबंशलाल आहूजा, राजेश मेहता, मयंक भार्गव, संयोजक पंकज मिश्रा, हरीश खंडेलवाल, बलराम जसूजा, श्याम टेकपुरे, मनोज खातरकर, सुषमा मालवीय, कल्पना तरुड़कर, ममता डहाके भी मौजूद रहे।
सर्वप्रथम अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तदोपरांत वन्देमातरम गीत, श्री गणेश वंदना, सरस्वती वंदना के साथ अनहद कला संगीत महाविद्यालय द्वारा राष्ट्रभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। सावित्री बाई फूले के जीवन एवं ऑपरेशन सिंदूर पर रोचक नाट्य प्रस्तुति दी गई। अंत में मुख्य वक्ता ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि हिन्दू समाज में एकता एवं संगठित होने के कारण आज समाज में गौरव भाव का जागरण हुआ है। संघ कार्य के 100 वर्ष में पूरा समय व्यक्ति निर्माण एवं हिन्दुत्व के जागरण में लगा है। जिसके परिणामस्वरूप राम जन्मभूमि पर भव्य दिव्य मंदिर की स्थापना से लेकर अनेक उपलब्धियां है।
पंच परिवर्तन के विषय को प्राथमिकता से हमें जीवन में उतारना, स्वयं से प्रारंभ कर अपने परिवार में फिर समाज में करवाना इसी से भारत को हम संगठित हिन्दू समर्थ भारत अर्थात श्रेष्ठ भारत बनाने में सफल होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मयंक भार्गव ने संबोधित करते हुए कहा कि आज हम समरस समाज बनाने के लिए एकत्रित हुए, ऐसा ही निरंतर प्रयास जारी रखना होगा ।

सम्मेलन प्रभारी कमलेश अमरूते ने बताया कि वक्ताओं के उद्बोधन के पश्चात भारत माता की सामूहिक आरती की गई जिसमें बड़ी संख्या में सक्रिय हिन्दू बंधु और भगिनी उपस्थित रहे। सम्मेलन कार्यकर्ता जितेंद्र माहेश्वरी व कार्यक्रम संचालक गंगाधर कवड़कर ने बताया कि रविवार प्रातः 10 बजे माता मंदिर, मेकेनिक चौक गंज से भव्य शोभायात्रा निकाली गई जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल जेएच कॉलेज पहुंची। जहां मुख्य द्वार पर तिलक लगाकर स्वागत किया गया। फिर सभी ने महापुरुषों के जीवन चरित पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। संयोजक पंकज मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सभी के लिए भोजन की व्यवस्था समाज के सहयोग से आयोजन समिति द्वारा की गई थी जिसमें गंज, सिविल लाइन, संजय कॉलोनी, लोहिया वार्ड, रेलवे कॉलोनी, गांधी नगर, हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के सभी बंधु,भगिनी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन गंगाधर कवड़कर एवं सदानंद देशपांडे ने किया एवं आभार प्रदर्शन जितेंद्र माहेश्वरी द्वारा किया गया। समिति द्वारा आयोजन में सहयोगी जे एच जनभागीदारी समिति, रंगोली , नगर पालिका, अनहद संस्था व सहभागी जनों का आभार व्यक्त किया गया।

