
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला कौशल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने सभी संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के अंतर्गत श्रम विभाग, उद्योग विभाग एवं रोजगार अधिकारी को निर्देशित किया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा जिले के अधिक से अधिक ईपीएफओ पंजीकृत प्रतिष्ठानों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में शिक्षा विभाग को निर्देश देते हुए कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि विद्यार्थियों को व्यावसायिक भ्रमण के तहत अधिक से अधिक आईटीआई का भ्रमण कराया जाए। इससे छात्र व्यावसायिक शिक्षा के प्रति जागरूक होंगे और आईटीआई में आगामी सत्र के लिए शत-प्रतिशत प्रवेश लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा।