
ब्यूरो रिपोर्ट
दुष्कर्म पीड़िता से सेटलमेंट करने उसके घर पहुंचे 3 भाजपा नेताओ पर FIR दर्ज की गई है। नेताओं ने रेप पीड़िता के घर जाकर उस पर समझौता करने का दबाव बनाया जिसमे बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष सहित 3 नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। मामला यूपी के मऊ जिले के थाना सराय लखंसी क्षेत्र का है। यहां डूडा विभाग में तैनात रहे इंजीनियर अंकित सिंह पर उसकी पूर्व महिला सहकर्मी ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जल्द ही कार्रवाई करते हुए 23 जनवरी को मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामला विचाराधीन था।
लेकिन इसी बीच आरोपी के पक्ष में कुछ भाजपा नेता पीड़िता के घर पहुंचे और उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता ने इस कथित दबाव की पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया ।
पुलिस ने वीडियो के आधार पर पीड़िता से आवेदन ले कर तीन लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है । दर्ज हुए इस मुकदमे में भाजपा जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह उर्फ पन्नू, कन्हैया तिवारी और हिमांशु राय के नाम सामने आए हैं।




