
ब्यूरो रिपोर्ट
बैतूल- आज 19 फरवरी शिवाजी की जयंती क्षत्रिय लोणारी कुंबी समाज उत्साह एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाएगा। इस अवसर पर संगठन द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। 19 फरवरी शिवाजी जयंती पर सुबह 8 बजे जिला अस्पताल में अंकुरित आहार का वितरण किया जाएगा। शिवाजी सांस्कृतिक भवन मानस नगर से एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी जो कि नगर के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करते हुए शिवाजी चौक पहुंचेंगी, जहां शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण होगा। वहीं मंचीय कार्यक्रम होगा जिसके पश्चात् भोजन प्रसादी का कार्यक्रम सम्पन्न होगा। वहीं शिवाजी आडिटोरियम में रात्रि 8 बजे से कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है जिसमें देश के प्रसिद्ध ख्यातिनाम कवि अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। जिलाध्यक्ष प्रवीण ठाकरे ने सभी सामाजिक बंधुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाए।