
सुखदेव मोहबे
सारनी/ वेतन घोटाले के आरोपों से खदान क्षेत्र में उबाल,पाथाखेड़ा क्षेत्र की कोयला खदानों में कार्यरत महिला मजदूरों के साथ ठेकेदार द्वारा धमकी और वेतन में कटौती का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पीड़ित महिला मजदूरों ने जिला कलेक्टर कार्यालय बैतूल पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। मजदूरों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा उन्हें वेतन का एक देकर ढाई हिस्सा वापस करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिससे उनके साथ खुला आर्थिक शोषण हो रहा है।
मामले में सामने आए वीडियो फुटेज ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है, जिसमें स्पष्ट रूप से मजदूर महिलाओं से पैसा वापस लेते देखा जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने पुनः केंद्रीय श्रम अधिकारी को मामले की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, प्रबंधन और आंदोलनकारी मजदूरों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। मजदूरों का कहना है कि 4 फरवरी से लगातार बैठकों और आश्वासनों के बावजूद बकाया वेतन का भुगतान नहीं हुआ है।
स्थिति अब और तनावपूर्ण होती जा रही है, जहां एक ओर मजदूरों को काम से रोका जा रहा है, वहीं प्रबंधन मजदूरों पर ही काम बाधित करने का आरोप लगा रहा है। महिला मजदूरों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की है।





