
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को जनपद भैंसदेही के ग्रामों का भ्रमण करते हुए ग्राम मेढ़ा में प्रगतिरत मेढ़ा समूह सिंचाई परियोजना (एमवीएस) एवं मेढ़ा डैम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल शोधन संयंत्र (28 एमएलडी), इंटेक वेल (33.67 एमएलडी), पंप स्टेशन एवं पाइपलाइन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सिविल, पाइपलाइन तथा ईएंडएम कार्यों के लिए अतिरिक्त जनशक्ति लगाई जाए और आवश्यकता अनुसार दो शिफ्ट में काम कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को माहवार माइलस्टोन तय कर भौतिक एवं वित्तीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पाइप, वाल्व, पंप, मोटर एवं अन्य विद्युत उपकरणों की अग्रिम सामग्री योजना तैयार करने को कहा।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने पाइपलाइन अलाइनमेंट से जुड़े वन क्षेत्र की एनओसी की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समन्वय बढ़ाकर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश एसडीएम को दिए। उन्होंने कहा कि परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और स्वयं भी प्रत्येक माह स्थल निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत मेढ़ा डैम निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर ने डूब प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। मुआवजा, पुनर्वास एवं अन्य सुविधाओं से संबंधित मुद्दों के समाधान के लिए एसडीएम भैंसदेही को ग्राम में शिविर आयोजित कर तीन दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल, आंगनवाड़ी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अजीत मरावी, पीआईयू से अविनाश दिवाकर, आरई जल निगम श्री अर्पित सिंघल, कार्यपालन एवं सहायक अभियंता तथा ठेकेदार प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







