
ब्यूरो रिपोर्ट
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के मुख्य आतिथ्य में 18 जून को लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित “आध्यात्मिक जागृति से जनजातीय समाज का सशक्तिकरण” कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रवेश एवं यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है।
जारी निर्देशों के अनुसार सभा स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रवेश एवं निकास के लिए पृथक-पृथक व्यवस्था की गई है। सभी आगंतुकों, प्रतिभागियों एवं आमंत्रित अतिथियों को निर्धारित पार्किंग स्थल एवं प्रवेश द्वार का ही उपयोग करना होगा।
कार्यक्रम के लिए चार प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं। जी-1 (Convoy Entry) राष्ट्रपति एवं अन्य वीवीआईपी काफिले तथा अधिकृत सुरक्षा वाहनों के लिए आरक्षित रहेगा। इस द्वार से सामान्य व्यक्तियों एवं प्रतिभागियों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
जी-2 (VIP प्रवेश द्वार) से विशिष्ट अतिथि, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं विशेष आमंत्रित अतिथि प्रवेश कर सकेंगे। इस प्रवेश द्वार पर केवल वैध पास अथवा आमंत्रण पत्र धारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
जी-3 (प्रतिभागी प्रवेश द्वार) पंजीकृत प्रतिभागियों, आमंत्रित सदस्यों एवं प्रतिनिधियों के लिए निर्धारित किया गया है। इस द्वार पर पहचान पत्र एवं पंजीकरण सत्यापन के उपरांत प्रवेश की अनुमति होगी।
प्रतिभागियों की सुविधा एवं भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए जी-4 (प्रतिभागी प्रवेश द्वार) भी बनाया गया है। इस द्वार से प्रवेश करने वाले सभी व्यक्तियों के लिए सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। जिला प्रशासन ने सभी आगंतुकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा कार्यक्रम स्थल पर समय से पहुंचने की अपील की है।