
धनराज साहू तहसील ब्यूरो
भैंसदेही:- मध्य प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बैतूल के निर्देशानुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भैंसदेही न्यायालय में माननीय व्यवहार न्यायाधीश महोदया सुश्री सुनीता ताराम के मुख्य आतिथ्य में योग शिविर का आयोजन किया गया । जिसमें अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन कर्मचारियों ने भाग लेकर योगासन एवं प्राणायाम किया।

उक्त योग शिविर में अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता संजय तिवारी ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए सभी को योगासन एवं प्राणायाम करवाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए न्यायाधीश महोदया सुश्री सुनीता ताराम ने योग के इतिहास पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए योग से होने वाले लाभों के संदर्भ में कहा कि योग से केवल शरीर ही स्वस्थ नहीं होता बल्कि योग से व्यक्ति का मानसिक विकास भी होता है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निर्माण होता है इसलिए सभी को योग करना चाहिए।

अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मारोती बारस्कर ने अपने संबोधन में सभी को योग दिवस की बधाई देते हुए सभी को योग को अपने जीवन में उतारने का आवाह्न किया। योग कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश कनाठे, नितिन शेंडे, देवेंद्र चंदेल,आदर्श तिवारी सहित अन्य अधिवक्ता गण तथा विधिक सेवा प्राधिकरण से जगदीश सनोड़िया, नायब नाजिर सहित न्यायालय के कर्मचारी गण उपस्थित थे ।





