
ब्यूरो रिपोर्ट
भोपाल/दतिया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार और भीतरघात की शिकायतों के बाद एक बहुत बड़ा संगठनात्मक कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर दतिया जिले की वर्तमान संगठनात्मक संरचना को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
यह कड़ा फैसला दतिया विधानसभा उपचुनाव के परिणामों की समीक्षा के लिए गठित विशेष समिति की अनुशंसा के आधार पर लिया गया है। इस संबंध में भाजपा मध्य प्रदेश के प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा आधिकारिक पत्र (क्रमांक: BJPMP/08/26/148) जारी किया गया है।
सभी पदाधिकारी पदों से मुक्त
पार्टी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दतिया के जिला अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह कुशवाहा सहित जिले के सभी पदाधिकारी, जिला कार्यसमिति, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प और विभिन्न विभागों सहित समस्त जिला संगठन की वर्तमान संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया है।
भीतरघात और हार की समीक्षा के बाद लिया निर्णय
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आवास पर हुई महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में उपचुनाव के दौरान संगठन की भूमिका और भीतरघात की शिकायतों पर विस्तृत चर्चा की गई थी। जिसके बाद दतिया में नए सिरे से मजबूत संगठन खड़ा करने के उद्देश्य से यह बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
इस आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है।