
ब्यूरो रिपोर्ट
भोपाल। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) के अनुक्रम में मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के “पीएम श्री” (PMSHRI) विद्यालयों में उच्च पद प्रभार के तहत नवनियुक्त प्राचार्यों और पहले से कार्यरत प्राचार्यों के लिए इंडक्शन प्रशिक्षण (Induction Training) कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
भोपाल मुख्यालय से जारी आदेश क्रमांक/पीएमश्री/प्राचार्य प्रशिक्षण/2026/1402 के अनुसार, प्रथम बैच का यह प्रशिक्षण 17 अगस्त 2026 से 21 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इन विषयों पर दिया जाएगा प्रशिक्षण
इस 05 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्राचार्यों को प्रतिदिन के व्यवहार में आने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
- अकादमिक कार्य (Academic Management)
- प्रशासनिक कार्यप्रणाली (Administrative Workflow)
- वित्तीय नियम एवं साक्षरता (Financial Literacy)
- डिजिटल लिटरेसी (Digital Literacy)
पहले बैच में खरगोन और बालाघाट के प्राचार्य शामिल
विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, इस प्रशिक्षण के पहले बैच में खरगोन और बालाघाट जिले के विभिन्न पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों (PMSHRI-GHSS) के प्राचार्यों, व्याख्याताओं और उच्च माध्यमिक शिक्षकों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि चयनित सभी प्राचार्य तय तिथियों में प्रशिक्षण हेतु अनिवार्य रूप से नियत स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।



