
ब्यूरो रिपोर्ट
सारणी (बैतूल): बैतूल जिले के सारणी में स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सुपर एफ) में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला अब बेहद गरमा गया है। घटना से नाराज विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं लामबंद होकर सड़कों पर उतर आईं और उन्होंने सारणी थाने का घेराव कर दिया।
इंसाफ की मांग करते हुए छात्राओं ने पुलिस प्रशासन और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान परिजनों के साथ-साथ स्थानीय नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठन भी छात्राओं के समर्थन में थाने पहुंचे।
‘हमे सुरक्षा चाहिए, ऐसे दरिंदों को बर्खास्त करो’ – छात्राओं की मांग
थाने का घेराव कर रहीं पीड़ित छात्रा की सहपाठियों और अन्य छात्राओं का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी प्रमुख मांगें रखीं:
- कड़ी से कड़ी सजा: आरोपी शिक्षक सुनील चौधरी को कोर्ट से ऐसी सख्त सजा दिलाई जाए जो दूसरों के लिए नजीर बने।
- तत्काल बर्खास्तगी: आरोपी को सिर्फ सस्पेंड (निलंबित) न किया जाए, बल्कि उसे शासकीय सेवा से हमेशा के लिए बर्खास्त किया जाए।
- स्कूल में सुरक्षा: कन्या शाला परिसर के भीतर छात्राओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में कोई भी छात्रा खुद को असुरक्षित महसूस न करे।

पुलिस अधिकारियों ने दिया आश्वासन, तब शांत हुआ हंगामा
छात्राओं के उग्र प्रदर्शन और थाने के घेराव की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही छात्राओं और उनके परिजनों को समझाते हुए शांत कराने का प्रयास किया।
- कड़ी कानूनी कार्रवाई का भरोसा: पुलिस प्रशासन ने छात्राओं को आश्वस्त किया कि आरोपी शिक्षक सुनील चौधरी के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और भारतीय न्याय संहिता की बेहद गंभीर व गैर-जमानती धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
- मजबूत चार्जशीट: पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और कोर्ट में इतनी मजबूत चार्जशीट पेश की जाएगी कि आरोपी का बच पाना नामुमकिन होगा।
पुलिस के पुख्ता आश्वासन और उचित विभागीय कार्रवाई के भरोसे के बाद ही छात्राओं ने अपना धरना और घेराव समाप्त किया।






