
ब्यूरो रिपोर्ट
सावन मेले में 108 महामृत्युंजय जाप, 11 बार हनुमान चालीसा, भजन-कीर्तन एवं राधा रानी की मनमोहक झांकी रही आकर्षण का केंद्र
राम मंदिर की महिला सुंदरकांड समिति द्वारा राम मंदिर परिसर में सावन मेले एवं हरियाली तीज का आयोजन श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समिति की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ 108 महामृत्युंजय मंत्रों के जाप एवं 11 बार हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से हुआ। इसके पश्चात भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने भक्तिभाव के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में समिति की महिलाओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की प्रिय राधा रानी की आकर्षक झांकी विशेष रूप से तैयार की गई। झांकी के समक्ष महिलाओं ने भक्ति भाव से नृत्य करते हुए हरियाली तीज का उत्सव मनाया। सावन की पारंपरिक उमंग और धार्मिक वातावरण ने पूरे कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती स्मिता लिलोरे, श्रीमती आरती शर्मा एवं श्रीमती गीता नरवरिया ने की। समिति की सदस्य श्रीमती संचिता गुप्ता, श्रीमती निशा पांडे, श्रीमती नीलम सिंह, श्रीमती शकुंतला भारती, श्रीमती रेनू एरेलू, श्रीमती नम्रता तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
समिति की महिलाओं के सामूहिक प्रयास से आयोजित यह सावन एवं हरियाली तीज समारोह धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह का सुंदर संगम रहा।