
धूमधाम से निकली डोल शोभायात्रा, जगह जगह हुआ भव्य स्वागत,
हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से भक्तिमय हुआ नगर
बैतूल। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी मंगलवार को डोल ग्यारस पर श्री राधाकृष्ण मंदिर गंज एवं श्री राम मंदिर रामनगर से एक एक डोल को लेकर शोभायात्रा निकली। श्री राधा कृष्ण मंदिर ट्रस्ट के सचिव प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि डोल में विराजित भगवान श्रीकृष्ण के बालरूप का गंज के हनुमान चौक पर स्थित कल्पना स्टोर्स के सामने श्रद्धालुओं ने श्रद्धाभाव से पूजन किया। तत्पश्चात दोनों डोल को एक साथ लेकर शोभायात्रा गंज क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः श्री राधाकृष्ण मंदिर पहुंची।
जहां पंडित पीयूष अग्निहोत्री द्वार महाआरती कर प्रसाद वितरित किया गया। पंडित नरेश शर्मा, योगू शर्मा, सोमेश त्रिवेदी, गोल्डी मिश्रा ने शोर मच गया शोर देखो आया माखन चोर, हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की जैसे सुमधुर भजन कीर्तन की प्रस्तुति देकर नगर को भक्तिमय किया।
श्रद्धालुओं ने जगह जगह पुष्प वर्षा और आरती करके शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने डोल के नीचे से निकलकर बालगोपाल के स्वरूप की परिक्रमा कर मनौती मानी।






