
कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार एवं सेवा मेरा योगदान की तैयारियों एवं प्रगति की वर्चुअल समीक्षा की। उन्होंने नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का सुचारू एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्चुअल बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 4 अक्टूबर को नगरीय क्षेत्रों में आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामों में मुनादी कराकर अधिक से अधिक नागरिकों को शिविरों के आयोजन, उपलब्ध योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को ग्राम पंचायतों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सेवा सेतु अभियान में शामिल योजनाओं के संभावित हितग्राहियों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश सभी एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही दिलाया जाए।
कलेक्टर ने शिविर स्थलों पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर अनिवार्य रूप से आयोजित करने के निर्देश दिए। आम नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी नि:शुल्क कराने के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। शिविर स्थलों पर आयुष्मान कार्ड बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने नामांतरण, बंटवारा, आधार सहित अन्य आवेदनों का तत्परता से निराकरण कर नागरिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग के अधिकारियों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरण सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी किसानों तक पहुंचाने तथा किसानों को नैनो उर्वरक के उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी को पात्र हितग्राहियों की खाद्यान्न पात्रता पर्ची वितरण के लिए सूची तैयार करने तथा सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी को पात्र दिव्यांग एवं जरूरतमंद हितग्राहियों को आवश्यक सहायक उपकरणों का वितरण शिविरों में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नेत्र जांच शिविर, पौधारोपण एवं सम्मान कार्यक्रम की भी समीक्षा
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने आयोजित होने वाले नेत्र जांच शिविर, पौधरोपण, सैनिकों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान तथा विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरण कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने अपर कलेक्टर को सैनिकों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान के लिए सूची तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा की। पौधारोपण कार्यक्रम के संबंध में उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे स्थान का चयन किया जाए, जहां पौधों के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि उचित स्थल का चयन होने से पौधों का संरक्षण एवं संवर्धन बेहतर तरीके से हो सकेगा तथा पौधारोपण का वास्तविक उद्देश्य भी सार्थक होगा।






