
भोपाल। राजधानी के नीलम पार्क में अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा मध्यप्रदेश के बैनर तले चल रहा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन लगातार जारी है। आंदोलन के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले और महाकाल की नगरी उज्जैन संभाग से हजारों की संख्या में शिक्षक भोपाल पहुंचे। नीलम पार्क में महिला और पुरुष शिक्षकों की भारी मौजूदगी से पूरा परिसर गूंज उठा।

यह आंदोलन पूरी तरह चरणबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है, जिसमें हर दिन अलग-अलग संभागों के शिक्षक भोपाल पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। मोर्चे के बैनर तले शिक्षक अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े हुए हैं:
- TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) से मुक्ति: सालों से सेवाएं दे रहे शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
- प्रथम नियुक्ति दिनांक से वरिष्ठता: सेवा अवधि की गणना प्रथम नियुक्ति दिनांक से कर वरिष्ठता का लाभ दिया जाए।
- e-Attendance व्यवस्था में सुधार: ई-अटेंडेंस की अनिवार्यता को समाप्त कर इसे स्वैच्छिक किया जाए।
शिक्षक नेताओं ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक मध्यप्रदेश सरकार उनकी इन तीन सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना अनवरत जारी रहेगा।







