
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण के उपरांत छूटे हुए मतदाताओं, प्रथम बार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भावी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को अपने मतदान केंद्र पर बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर मतदाता सूची का अवलोकन करें। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, तो वह फॉर्म-6 ( बगैर घोषणा पत्र के )भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकता है। इसके माध्यम से पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी।
मतदाता स्वयं भी voters.eci.gov.in पोर्टल अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही पोर्टल एवं एप के माध्यम से अपने मतदाता परिचय पत्र नंबर से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज है अथवा नहीं, इसकी जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है ।
सभी पात्र नागरिक अभियान के दौरान अपने नाम का मतदाता सूची में सत्यापन कराएं तथा पात्र होने पर नाम जुड़वाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।





