
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाबा साहेब अंबेडकर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) पर रविवार शाम को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ खड़ी वर्मा ट्रैवल्स की बसों में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण अग्निकांड में कुल 8 लग्जरी बसें आग की चपेट में आ गईं, जिनमें से 5 बसें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। बस संचालक के मुताबिक, इस हादसे में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।
ऑयल टैंकर पास होने से मच गया था हड़कंप
जिस वक्त यह आग लगी, पूरे बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सबसे बड़ी चिंता की बात यह थी कि जहाँ बसें खड़ी थीं, उसके ठीक पास ही ऑयल टैंकर भी खड़े हुए थे। अगर आग उन टैंकर्स तक पहुँच जाती, तो एक बहुत बड़ा ब्लास्ट हो सकता था। हालांकि, सूचना मिलते ही भोपाल नगर निगम और दमकल विभाग की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुँचे और दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए लपटों को टैंकर्स तक फैलने से रोक लिया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
कोई जनहानि नहीं, यात्री सुरक्षित
इस पूरे हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के समय ये सभी बसें खाली खड़ी थीं। बसों के अंदर कोई भी यात्री या स्टाफ मौजूद नहीं था, जिसकी वजह से कोई जनहानि नहीं हुई और न ही कोई घायल हुआ।
कई रूटों की बसें रद्द, CCTV खंगाल रही पुलिस
आग की चपेट में आईं बसें इंदौर, नागपुर, अहमदाबाद, सूरत, पुणे, सिवनी और बालाघाट जैसे लंबे रूटों पर चलती थीं। इन बसों के जलने के कारण रविवार रात और सोमवार को जाने वाली कई ट्रिप और यात्रियों की एडवांस बुकिंग को रद्द करना पड़ा है, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिलहाल आग लगने का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। शुरुआती तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और प्रशासन की टीमें आईएसबीटी परिसर में लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही हैं ताकि आग लगने की सही वजह और शुरुआत का पता लगाया जा सके।





