
गुना (एससीएन न्यूज इंडिया)। गुना जिले की कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (SP) हितिका वासल ने पुलिस महकमे में एक बड़ी सर्जरी की है। एसपी ने पुलिस मुख्यालय (PHQ) के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए जिले के 133 पुलिसकर्मियों के तत्काल प्रभाव से थोकबंद तबादले कर दिए हैं।
इस बड़ी फेरबदल सूची में उप-निरीक्षक (SI), सहायक उप-निरीक्षक (ASI), प्रधान आरक्षक (Head Constable) और आरक्षक (Constable) शामिल हैं।
क्यों हुई इतनी बड़ी कार्रवाई?
यह कार्रवाई उन पुलिसकर्मियों पर की गई है जो पिछले 5 वर्षों से जिले के एक ही थाने में पैर जमाए हुए थे या पिछले 10 वर्षों से एक ही सब-डिविजन (अनुभाग) में लगातार पदस्थ थे। चुनाव आयोग और पुलिस मुख्यालय के नियमों के तहत ऐसे लंबे समय से जमे अधिकारियों और कर्मचारियों को मैदानी कमान से हटाकर नई जगह भेजा गया है।
तबादला सूची का मुख्य वर्गीकरण:
- उप-निरीक्षक (SI): 05 अधिकारी इधर से उधर
- सहायक उप-निरीक्षक (ASI): 07 अधिकारियों के बदले क्षेत्र
- प्रधान आरक्षक: 42 कर्मचारी प्रभावित
- आरक्षक (कांस्टेबल): 79 जवानों के थाने बदले गए
महत्वपूर्ण अधिकारियों के नाम और नई पदस्थापना:
- उनि सहदेव तिर्की: राघौगढ़ से जामनेर थाना
- उनि रविनंदन शर्मा: आरोन से राघौगढ़ थाना
- उनि प्रेमपाल सिंह सिकरवार: राघौगढ़ से बमोरी थाना
- उनि दशरथ सिंह मंडावी: राघौगढ़ से यातायात (Traffic) थाना
- सउनि जगदीश जाटव: पुलिस लाइन से राघौगढ़
- सउनि महेश लकड़ा: कोतवाली से बमोरी
- सउनि रेखा नामदेव: राघौगढ़ से कुंभराज
इसके अलावा 79 आरक्षकों में से बड़ी संख्या में पुलिस लाइन में समय काट रहे जवानों को थानों की मैदानी जिम्मेदारी सौंपी गई है, वहीं थानों में जमे कई आरक्षकों को लाइन भेजा गया है।
केस डायरी सौंपकर तुरंत जॉइन करने के निर्देश
एसपी हितिका वासल द्वारा जारी आदेश में साफ कहा गया है कि स्थानांतरित किए गए सभी विवेचक (जांच अधिकारी) अपने पास लंबित सभी जांचें, मर्ग डायरी और केस डायरियों को तत्काल अप-टू-डेट करके अपने संबंधित थाना प्रभारी को सुपुर्द करेंगे। सभी को अविलंब अपने नए थाना क्षेत्र में कार्यभार ग्रहण करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।






