
स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना 2026 के अंतर्गत धनतेरस के शुभ अवसर पर 6 नवंबर को बैतूल जिले के 5 चयनित ग्रामों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में पात्र हितग्राहियों के आवासीय भूखंडों के स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराया जाएगा।
शासन के राजस्व विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्ति का विधिवत पंजीकृत स्वामित्व अभिलेख उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। जिले में मुलताई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खेडीदेवनाला में, बैतूल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम साकादेही एवं कुम्हारटेक, आमला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कचरबोह, भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिजोरी तथा घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोखारैयत में हितग्राहियों के स्वामित्व अधिकार अभिलेखों का 100 प्रतिशत पंजीयन किया जाएगा। इस प्रकार जिले के 6 ग्रामों के कुल 304 हितग्राही लाभान्वित होंगे।




