
शोभापुर। ग्राम पंचायत शोभापुर के आंगनवाड़ी केंद्र ग्वाड़ीढाना में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा छोटे-छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और जन्माष्टमी के पर्व का आनंद उठाया।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती श्यामवती उइके ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, उनके आदर्शों एवं संस्कारों से परिचित कराने का अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा कि आज का दिन बच्चों के लिए विशेष एवं आनंदमय है।

इस अवसर पर शासकीय महाविद्यालय सारणी सहायक प्राध्यापक श्री अनिल कुमार तुमडाम ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र में इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होने से बच्चों के बीच बहुत ही अच्छा और खुशनुमा माहौल बनता है। छोटे-छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण के रूप में सजाकर जन्माष्टमी मनाने से उनमें उत्साह बढ़ता है और वे खेल-खेल में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ मिलकर जन्माष्टमी मनाने से पूरे आंगनवाड़ी केंद्र में खुशी और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम में सहायिका श्रीमती मोनिका भरोसे सहित ग्राम की श्रीमती बिरो तुमडाम, श्रीमती कृष्णी तुमडाम, श्री अनिल कुमार तुमडाम, श्री रोशन नर्रे प्रकाश खंडेलवाल एवं अन्य ग्रामवासी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और जन्माष्टमी की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों एवं उपस्थित ग्रामीणों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में उत्साह, उमंग और भक्तिमय वातावरण बना रहा।





