
ब्यूरो रिपोर्ट
जिले में पूर्ण हुई नल जल योजनाओं को शीघ्र हैंडओवर कराया जाएं। शेष घरेलू नल कनेक्शन के कार्य भी पूर्ण करने में गति लाएं। इसी प्रकार एकल ग्राम नल जल योजनाओं को भी पूरा करने में तेजी लाएं। यह निर्देश कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समयसीमा की बैठक में सभी जनपद सीईओ और कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को दिए। उन्होंने सख्त निर्देशित किया कि नल जल योजनाओं के हैंडओवर में शिथिलता बरतने वाले जनपद सीईओ के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। एसडीएम भी अपने क्षेत्र में इस कार्य की मॉनिटरिंग करें।
उन्होंने जल जीवन मिशन के हैंडओवर और एकल ग्राम योजनाओं के लक्ष्य को 31 दिसंबर तक पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम और जनपद सीईओ को वन ग्रामों में वन अधिकार पत्र और पट्टा वितरण की कार्यवाही भी शासन निर्देशों के अनुरूप शीघ्र कराएं जाने के निर्देश दिए।
पंजीयन सत्यापन में लापरवाही पर एसडीएम होंगे जिम्मेदार
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए पंजीयन का कार्य पूरी गंभीरता से किया जाएं। एसडीएम अपने क्षेत्र में पंजीयन सत्यापन की सतत मॉनिटरिंग करें। पंजीयन सत्यापन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम अपने क्षेत्र में पंजीयन सत्यापन के लिए जिम्मेदार होंगे। सत्यापन उपरांत सिकमी पंजीयन सत्यापन के व्यवस्थित परीक्षण का एसडीएम और नायब तहसीलदार से संयुक्त प्रमाण पत्र भी लिया जाएं। जिसमें उल्लेखित किया जाए कि सिकमी सत्यापन का मौका स्थल पर रकबा सत्यापन और भूमि स्वामी के अनुबंध की जांच कर ली गई है। इसमें लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के वेतन से वसूली की जाएगी।
स्वरोजगार मूलक योजनाओं में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करें
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, पशुपालन केसीसी, पीएम स्वनिधि योजना की विस्तृत समीक्षा कर योजनाओं में निर्धारित लक्ष्य की तुलना में बैंकों को प्रेषित प्रकरणों के स्वीकृति और वितरण की जानकारी ली। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना में सभी नगरीय निकायों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाने और उन्हें बैंकों में प्रेषित कर स्वीकृत और वितरित कराने के लिए कहा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इन योजनाओं में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए।
सार्थक एप पर उपस्थिति नहीं होने पर नहीं करें वेतन आहरण
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी जिला अधिकारी सार्थक एप पर उपस्थिति दर्ज होने के निर्देशों का गंभीरता से पालन कराए। उन्होंने सभी तहसील और जनपद कार्यालय में अटेंडेंस के लिए सार्थक एप के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले अधिकारी, कर्मचारी का वेतन आहरण नहीं किया जाएं। बिना अनुमति वेतन आहरण करने वालों को आर्थिक अनियमितता की श्रेणी में माना जाएगा।