
भारती भूमरकर
नगर में नल कनेक्शन शुल्क ₹4000 निर्धारित किए जाने के विरोध में, जिसमें से ₹3350 राशि माफ करने की वाजिब और जनहितपूर्ण माँग को लेकर सारनी की जनता द्वारा किया गया शांतिपूर्ण आंदोलन अत्यंत प्रभावी रहा। आंदोलन में नगर की मातृशक्ति, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और वार्डवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी आवाज़ प्रशासन तक पहुँचाई।
कार्यवाहक ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विवेकानंद (विक्की) सिंह ने कहा कि
“सारनी की जनता पहले से ही रोज़गार और काम-काज के अभाव से जूझ रही है। ऐसी स्थिति में ₹4000 की राशि एक बहुत बड़ा आर्थिक बोझ है। इसीलिए ₹3350 की माफी पूरी तरह उचित, न्यायसंगत और आवश्यक है। जब तक यह राशि माफ नहीं होती, संघर्ष जारी रहेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि यह आंदोलन किसी दल या व्यक्ति का नहीं, बल्कि नगर की आम जनता और उनके अधिकारों की लड़ाई है, और जिस तरह जनता एकजुट होकर सड़कों पर उतरी वह लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।
पिछले 8 दिनों से क्रमिक भूख हड़ताल में शामिल सभी साथियों के प्रति आभार, जिन्होंने संघर्ष को मजबूती दी और जनता की आवाज़ को बुलंद किया। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्षद जन, सामाजिक संगठनों, युवाओं, मातृशक्ति तथा प्रेस/मीडिया साथियों का धन्यवाद, जिन्होंने जनहित की इस लड़ाई को समर्थन दिया और मुद्दे को गंभीरता से उठाया।