
भारती भूमरकर
*जलावर्धन योजना के वाल्व चैबरों की सफाई शुरू, इंटैकवेल, डब्ल्यूटीपी, पेयजल टंकियों का किया निरीक्षण, सर्वे हेतु तीन दल गठित*
_पाइपलाइनों के लीकेज सुधारने के दिए अनुबंध कंपनी को निर्देश, नालों से गुजरी पाइप लाइनों के आस-पास भी किया सफाई का कार्य।_
सारनी। नगर पालिका सारनी द्वारा जलावर्धन योजना के तहत शहरी क्षेत्र में बिछाई गई पाइप लाइन, सप्लाई हेतु निर्मित किए गए वाल्व चैंबर, पेयजल टंकियों समेत अन्य संरचनाओं की सफाई का काम अभियान के तहत शुरू किया गया है। नगर पालिका की टीमों ने शनिवार इंटैकवेल, डब्ल्यूटीपी, पेयजल टंकियों, वाल्व चैंबरों का निरीक्षण किया। इनकी सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके अलावा नालों से गुजरी पाइप लाइनों के आस-पास भी सुधार कार्य किया जा रहा है।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम ने शुक्रवार शाम को उपयंत्रियों, जलप्रदाय शाखा के कर्मचारियों और अनुबंधित कंपनी लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग प्रा.लि. के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने जलावर्धन योजना के तहत शहरी क्षेत्र में पाइप लाइन, वाल्व चैंबरों से लीकेज बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चैंबर साफ और लीकेज रहित होने चाहिए। निर्देर्शों के बाद शनिवार सुबह से ही गठित दल के सदस्यों ने विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण किया। इसके तहत वार्ड 1 पेयजल टंकी, वार्ड 6, वार्ड 28, वार्ड 22, वार्ड 35 की पेयजल टंकियों का निरीक्षण किया गया। यहां वाल्वों से गंदगी साफ करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा तवा नदी पर स्थित इंटैकवैल एवं वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण कर स्वच्छता रखने के निर्देश दिए। उपयंत्री कमलेश पटेल ने बताया कि निर्देशानुसार सतत निरीक्षण प्रारंभ कर दिया गया है।

सेनेटरी इंस्पेक्टर केके भावसार ने बताया कि नालों से गुजरी पाइप लाइनों एवं चैंबरों के आस-पास से सफाई का कार्य किया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि वे लीकेज अथवा अन्य समस्या की जानकारी सीधे नपा की जलप्रदाय शाखा को दे सकते हैं।
*सतत निरीक्षण हेतु क्षेत्रवार दलों का गठन*
जलावर्धन योजना के तहत ओवरहेड टैंक, पाइप लाइन, वाल्व चैंबरों के सतत निरीक्षण हेतु मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सारनी, पाथाखेड़ा एवं शोभापुर कॉलोनी क्षेत्रवार दलों का गठन किया है। इसके तहत सारनी क्षेत्र हेतु उपयंत्री रविंद्र वराठे, समय पाल सुनील सहारे, पाथाखेड़ा क्षेत्र हेतु उपयंत्री कमलेश पटेल, समयपाल गुरूस्वामी एरोलू एवं शोभापुर क्षेत्र हेतु उपयंत्री नितिन मीणा, समयपाल कमल बिहारे को आदेशित किया गया है। दल के साथ अनुबंधित कंपनी लक्ष्मी सिविल इंजीनियरिंग प्रा.लि. के कर्मचारी भी तैनात रहेंगे। ये दल लीकेज अथवा अन्य समस्या की जानकारी तत्काल अनुबंधित कंपनी को देकर सुधार कराएंगे।