
ब्यूरो रिपोर्ट
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जिले के सभी नगरीय निकायों के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में नगर पालिकाओं एवं नगर परिषदों के कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया तथा सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में वसूली में प्रगति लाने के सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि नगरीय निकायों की आर्थिक सुदृढ़ता के लिए राजस्व वसूली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कर, जलकर एवं अन्य मदो में लंबित वसूली को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। वसूली में सहयोग करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही भी की जाएं।
अवैध कॉलोनियों के नियमितीकरण की समीक्षा
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अवैध कॉलोनियों के नियमितिकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जिन अवैध कॉलोनियों में रेग्युलेशन की कार्रवाई की जा चुकी है, वहां प्रशासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही उन्होंने अवैध नल कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें काटने अथवा नियमानुसार नियमित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने कहा कि जिले के सभी नगरीय निकायों में पेयजल, स्वच्छता जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि जो पेयजल पाइप लाइन नालों से होकर गुजर रही हैं, उन्हें नियमानुसार सुरक्षित एवं उपयुक्त ऊंचाई पर स्थानांतरित करने की कार्रवाई की जाए, जिससे किसी प्रकार का प्रदूषण न हो।
सीएमओ को नियमित भ्रमण के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने निर्देशित किया कि सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी अपने-अपने निकाय क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें। भ्रमण के दौरान प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग कलेक्ट्रेट कार्यालय से की जाएगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वती बाई बारस्कर, नगर पालिका अध्यक्ष शाहपुर रोहित नायक, नगर पालिका अध्यक्ष भैंसदेही मनीष सोलंकी, नगर पालिका अध्यक्ष शाहपुर श्री किशोर बर्दे सहित जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी उपस्थित रहे।