
ब्यूरो रिपोर्ट
बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान कलेक्टर ने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में शाहपुर के ग्राम मंडई निवासी अंतराम यादव ने अपनी भूमि का सीमांकन नहीं होने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने एसडीएम शाहपुर से प्रकरण की जानकारी ली और आवेदक की भूमि का जल्द सीमांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई में सभी एसडीएम और तहसीलदार को सख्त हिदायत दी कि सीमांकन के प्रकरण लंबित न रहें। सीमांकन के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित कराएं। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
एसडीएम और तहसीलदार को रास्ता खुलवाने के दिए निर्देश
जनसुनवाई में आमला के ग्राम सासाबढ़ निवासी मेघा बाई ने आवेदन के माध्यम से अपनी जमीन पर रास्ते विवाद के चलते हो रही परेशानी कलेक्टर को बताई, जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तत्काल रास्ता खुलवाने के निर्देश एसडीएम और तहसीलदार आमला को दिए। शाहपुर तहसील के ग्राम भौंरा निवासी बारातीलाल ने आवेदन के माध्यम से जमीन पर कब्जा होने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। मुलताई के पटेल वार्ड निवासी रिंकी पवार ने आवेदन के माध्यम से रजिस्ट्री अनुसार रिकॉर्ड अभिलेख दुरुस्त किए जाने की मांग की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित एसडीओ रेवेन्यू मुलताई को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।
मुआवजा राशि दिलवाने की मांग
जनसुनवाई में बैतूल निवासी राजेश पवार ने नामांतरण कर भूमि प्रबंधन से हटाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को प्रकरण की जांच कर निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम चिखली खुर्द निवासी अनिल धोटे ने मुआवजा राशि दिलवाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने एसडीओ मुलताई को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम महतपुर निवासी सुखदेव ने रिकॉर्ड दुरुस्त करने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने मुलताई एसडीओ को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए।ग्राम जामन्या निवासी चंपालाल ने गलत दस्तावेजों के माध्यम से हो रहे सीमांकन को रोकने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने एसडीओ रेवेन्यू को प्रकरण की जांच कर समुचित निराकरण के निर्देश दिए।