
किरण ढँढोरिया
सारनी। संकल्प से समाधान अभियान के तहत मंगलवार 10 फरवरी को वार्ड 30 एवं वार्ड 31 में शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न योजनाओं के कई आवेदन आए। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासन की विभिन्न जन हितैषी योजनाओं का लाभ आम लोगों को देने के लिए 12 जनवरी से 15 फरवरी तक संकल्प से समाधान अभियान का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत मंगलवार को वार्ड 30 एवं वार्ड 31 में शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई।

शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, वार्ड 30 की पार्षद रेखा मोहनलाल मायवाड, वार्ड 31 के पार्षद मनोज कुमार डेहरिया, शिविर प्रभारी जी. एस पांडे, राजेश बगाहे, गुरूदेव हाथिया, रंजीत डोंगरे, सुनील कसरादे उपस्थित थे। शिविर में विभिन्न योजनाओं से संबंधित 10 आवेदन प्राप्त हुए। इनका त्वरित निराकरण कराया जा रहा है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सी.के. मेश्राम ने बताया कि लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें इनका लाभ प्रदान करने और उनकी समस्याओं का निराकरण करने हेतु शिविर लगाए जा रहे हैं।

नपा अध्यक्ष ने किया पेवर ब्लाक फिक्सिंग कार्य का निरीक्षण
नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे एवं अन्य लोगों ने इस दौरान वार्ड 31 में लगाए जा रहे पेवर ब्लाक के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि सुधा चंद्रा, पार्षद मनोज कुमार डेहरिया समेत अन्य वार्ड के लोग उपस्थित थे। अध्यक्ष ने इस्टीमेट अनुसार सामग्री लगाने और गुणवत्ता पूर्वक कार्य करने के निर्देश ठेकेदार को दिए।





