
ब्यूरो रिपोर्ट
स्थानीय निकाय की वार्षिक मतदाता पुनरीक्षण कार्य तथा त्रि-स्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय निर्वाचन–2025 (उत्तरार्द्ध) को सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी बैतूल श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी को सम्मानित किया गया है।
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के 32वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को भोपाल में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ओ. पी. रावत, पूर्व राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री आर. परशुराम और आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश श्री मनोज श्रीवास्तव द्वारा कलेक्टर श्री सूर्यवंशी को सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर दैनिक भास्कर स्कूल ऑफ जर्नलिज्म के विभागाध्यक्ष श्री नरेन्द्र कुमार सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता श्री सिद्धार्थ सेठ भी उपस्थित रहे।

इस कार्यक्रम में जिले से उत्कृष्ट कार्य के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी बैतूल श्री मकसूद अहमद तथा एसडीएम भैंसदेही श्री अजीत मरावी को भी सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि स्थानीय निकाय नगर पालिका, नगर परिषद और पंचायत की मतदाता सूचियों के वार्षिक पुनरीक्षण का कार्य माह अगस्त 2025 से प्रारंभ होकर नवंबर 2025 की अवधि में किया गया था। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के मार्गदर्शन एवं माइक्रो मॉनिटरिंग में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और प्राधिकृत कर्मचारी द्वारा आयोग की समय सीमा में प्राप्त दावे आपत्तियों की जांच एवं निराकरण कर मतदाता सूची को अद्यतन बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया गया है।

स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के सागर एवं दमोह जिलों को भी सम्मानित किया गया। बैतूल जिले की इस उपलब्धि से प्रशासनिक कार्यकुशलता , टीम वर्क एवं निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से परिलक्षित करती है।





