
ब्यूरो रिपोर्ट
➤ पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के कुशल मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं एसडीओपी भैंसदेही श्री भूपेन्द्र सिंह मौर्य के निर्देशन में थाना भैंसदेही पुलिस द्वारा महाराष्ट्र निवासी युवक की हत्या कर शव को खेत में दफनाने के सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपीगण को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
➤ *घटना का क्रमवार विवरण*
दिनांक 14.02.2026 को थाना भैंसदेही को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कोडिया में एक मोटरसाइकिल बिना चालक के खड़ी है। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो मोटरसाइकिल क्रमांक MP-48-M-7850 विसराम साल्वे के घर के सामने खड़ी मिली।
विसराम साल्वे घर पर नहीं मिला। उसकी पत्नी सोनाय साल्वे से पूछताछ की गई, जिसने बताया कि उसका पति बाहर गया है तथा पुत्री सुमित्रा सातनेर चली गई है। मोटरसाइकिल चालक के संबंध में वह स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी एवं बार-बार बयान बदलती रही, जिससे संदेह गहराया।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस पुराने खेत की ओर पहुंची। हिकमत अमली से पूछताछ में सोनाय साल्वे ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल चालक शिवम धुर्वे (निवासी महाराष्ट्र) उसकी पुत्री सुमित्रा से मिलने आया था। आपसी कहासुनी के बाद विसराम साल्वे, सोनाय साल्वे एवं सुमित्रा ने मिलकर शिवम के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने मृतक को थप्पड़ एवं मुक्कों से पीटा, उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए तथा उसे जंगल स्थित खेत में ले गए। वहां सुमित्रा के पिता विसराम साल्वे ने पत्थर पटककर एवं डंडों से वार कर उसकी हत्या कर दी।
दिनांक 13.02.2026 की सुबह आरोपियों ने खेत/जंगल क्षेत्र में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया, ताकि अपराध छुपाया जा सके।





