
ब्यूरो रिपोर्ट
मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के निर्णय अनुसार अकादमिक सत्र 2026-27 दिनांक 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा अतः 1 अप्रैल 2026 को प्रत्येक हाई स्कूल तथा हायर सेकेण्डरी विद्यालय में निम्नानुसार प्रवेशोत्सव मनाया जाने के निर्देश दिए है ।
साथ ही कहा है की समस्त परीक्षाएं समाप्त होने के पश्चात् विभिन्न कक्षाओं के परीक्षा परिणाम (कक्षा-8, 9 एवं कक्षा-11), 23 मार्च को घोषित होंगे अतः कक्षा 8वीं, 9वीं एवं 11वीं के विद्यार्थियों को उनके परीक्षा परिणामों के आधार पर अगली कक्षा में 24 मार्च से 31 मार्च तक प्रवेश दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कक्षा 10वीं के विद्यार्थी जिनका परीक्षा परिणाम अपेक्षित हो को अस्थाई रूप से अगली कक्षा में प्रवेशित मानते हुए कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जावे। प्रवेश की समस्त प्रक्रिया 20 मार्च से 31 मार्च के मध्य संचालनालय के पत्र क्रमांक / अका./असे. सेल / 2025-26 /127 भोपाल दिनांक 02.02.2026 के अनुसार पूर्ण कर ली जावे ।
02 अप्रैल 2026 को शाला प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) की बैठक का आयोजन किया जावे एवं उसमें विद्यालय के पूर्व छात्रों को भी आमंत्रित किया जावे। उपस्थित सदस्यों से छात्रों के नामांकन, उपस्थिति, उपलब्धि स्तर तथा सत्र हेतु अध्ययन-अध्यापन की प्रस्तावित कार्य योजना पर विस्तृत चर्चा की जावे ।
- कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं खेल कूद गतिविधियों का आयोजन किया जावे।
- प्रवेशोत्सव में सामुदायिक सहभागिता हेतु जिला, विकासखण्ड एवं स्थानीय स्तर पर स्थानीय समाचार पत्रों एवं अन्य गतिविधियों द्वारा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जावे। जिससे जन समुदाय, पालकों एवं विद्यार्थियों को प्रवेशोत्सव की जानकारी हो तथा विद्यार्थियों की शत्-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित हो। प्रवेशोत्सव में जन प्रतिनिधियों को सादर आमंत्रित किया जावे।
- प्राचार्य के निर्देशन में विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों द्वारा क्षेत्र अंर्तगत निवासरत अभिभावकों से सतत संपर्क कर शिक्षण सत्र प्रारंभ की जानकारी प्रदान की जावे ।
- प्रत्येक हाई स्कूल तथा हायर सेकेण्डरी विद्यालय के कैचमेंट क्षेत्र में आने वाले समस्त विद्यालयों के अप्रवेशित विद्यार्थियों को शाला में वापस लाने हेतु विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों द्वारा अपने क्षेत्र सतत एवं गहन संपर्क अभियान चलाया जाकर उनका प्रवेश सुनिश्चित किया जावे।
- ऐसे विद्यालय जो कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं तक संचालित हैं उन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक / प्राचार्य निकटस्थ विद्यालयों के लिए कक्षा 6वीं, 9वीं तथा 11वीं में प्रवेश की कार्यवाही म.प्र. शासन स्कूल शिक्षा विभाग के पत्र क्रमांक 2091/2395348/2024 / 20-2 दिनांक 06/12/2024 एवं पत्र क्रमांक / अका. / असे. सेल / 2025-26/ 127 भोपाल दिनांक 02.02.2026 के अनुपालन में करेंगे।
- शासकीय हाई स्कूल व हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में विद्यार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं एवं शासकीय योजनाओं के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये जिससे कि विद्यार्थी शासकीय विद्यालयों में प्रवेश लेने हेतु आकर्षित होवें ।
कक्षा 9 एवं 10 में विद्यार्थियों को सत्र 2026-27 के अध्यापन से संबंधित मूल अवधारणाओं का अभ्यास कराया जावे। उन्हें हिन्दी में श्रुतलेख, मात्रा की त्रुटियां इत्यादि में सुधार कराया जावे। अंग्रेजी में शब्दकोष से शब्द, अपठित गद्यांश हल करना एवं ग्रामर का अभ्यास कराया जावे। गणित में गुणा, भाग, भिन्न, आकृतियां एवं ज्यामिति संबंधी आवश्यक प्रश्न दिया जावे एवं अभ्यास कार्य दिया जावे। • पूरे माह गतिविधि पर आधारित कार्य अधिक से अधिक दिए जावें । विद्यार्थियों को ग्रीष्म अवकाश को देखते हुए स्थानीय, विषयगत एवं कौशल विकास के प्रोजेक्ट कार्य चिन्हित करते हुए व्यक्तिगत एवं सामूहिक रूप से पूर्ण करने के लिए दिए जावें ।






