
भारती भूमरकर
- शिवाजी जयंती पर शिवाजी प्रांगण सारणी में भव्य आयोजन, प्रतिभाओं व सेवानिवृत्त कर्मियों का हुआ सम्मान
- दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
सारणी। प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 19 फरवरी, गुरुवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती शिवाजी प्रांगण सारणी में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया।
इसके पश्चात मंचासीन समस्त अतिथियों का साल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, सतपुड़ा पावर प्लांट से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों तथा समाज उत्थान में सक्रिय योगदान देने वाले समाज बंधुओं को शील्ड एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख, मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, नगर पालिका अध्यक्ष किशोर बरदे, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सालोदे जुन्नारदेव, नगर पालिका दमुआ सीएमओ अजय ठाकरे, चीफ इंजीनियर एस.के. लिलोरे, शैलेंद्र बगद्रे, राजेश गावंडे, आशीष मानकर, मनोज देशमुख, प्रमिला पांसे, संगीता धोटे एवं भास्कर मगरदे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यशवंत वराठे ने की।

समाज के उत्थान व युवा सशक्तिकरण पर जोर
मुख्य अतिथि विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि संगठन शक्ति, स्वाभिमान और सुशासन के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति शिक्षा, संस्कार और एकजुटता से ही संभव है। प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान यह दर्शाता है कि समाज शिक्षा के प्रति जागरूक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिवाजी महाराज के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र और समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की शक्ति उसकी एकता और सामाजिक समरसता में निहित होती है। उन्होंने समाज के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव समाज के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने प्रतिभाशाली छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यही युवा आने वाले समय में समाज और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में क्षत्रिय लोणारी समाज संगठन के अध्यक्ष विजय पड़लक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता पर सभी को शुभकामनाएं दीं।
शिवाजी जयंती का यह आयोजन समाज में नई ऊर्जा, एकता और गौरव की भावना का संचार कर गया।





