
ब्यूरो रिपोर्ट
➡️ चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुधार और मरम्मत के दीर्घ कालिक कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराएं : संभागायुक्त श्री तिवारी
➡️ घनी आबादी वाले क्षेत्रों में आपातकालीन वाहनों के सुगम आवागमन के लिए जोनल प्लान बनाएं
➡️ संभागीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित
संभागायुक्त श्री कृष्ण गोपाल तिवारी की अध्यक्षता में बैतूल में संभागीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बैतूल में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश कुमार शुक्ला, मुख्य वन संरक्षक श्री मधु वी. राज, वन संरक्षक श्री अशोक कुमार, कलेक्टर बैतूल श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना, कलेक्टर हरदा श्री सिद्धार्थ जैन, पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन, पुलिस अधीक्षक हरदा, पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम, डीएफओ श्री नवीन गर्ग, डीएफओ श्री लक्ष्मीकांत वासनिक सहित बैतूल, हरदा एवं नर्मदापुरम जिलों के जिला पंचायत सीईओ तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संभागायुक्त श्री तिवारी ने संभाग के तीनों जिलों में राहवीर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित सहायता मिल सके तथा जीवन बचाने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहन प्राप्त हो। कैशलेस स्कीम और राहत योजना पर विस्तृत प्रेजेंटेशन भी दिया ज्ञान उन्होंने कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि ऐसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों की पहचान कर जोनल प्लान तैयार करें, जहां आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा आती है।
बैठक में तीनों जिलों में चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स तथा सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट्स पर दीर्घकालिक सुधार एवं आवश्यकतानुसार रिमूवल कार्य किया जाए। संबंधित सड़क निर्माण विभाग आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्ताव शासन को प्रेषित करें।
उन्होंने कहा कि प्रमुख सड़कों से जुड़ने वाली गौण सड़कों के जंक्शनों पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुधार एवं मरम्मत कार्य किए जाएं। परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा सड़क विकास निगम द्वारा सेफ्टी ऑडिट के प्रमुख बिंदुओं पर नियमित समीक्षा कर सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें आयोजित की जाएं।
संभागायुक्त श्री तिवारी ने गत वर्ष तीनों जिलों में हुई सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा जिले में सड़क सुरक्षा के तहत संवेदनशील स्थलों पर सीपीआर प्रशिक्षण तथा राहवीर एवं कैशलेस योजना के संबंध में जन जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी गई, जिससे दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा सके।





