
जिला ब्यूरो प्रिय प्रकाश तिवारी
शाहनगर। पवई बांध ग्रामीण समूह जलप्रदाय योजना के अंतर्गत ग्राम तिदुनी में मंगलवार को जल संरक्षण एवं जल के महत्व को लेकर “जल महोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पंचायत पन्ना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एवं जनपद पंचायत शाहनगर के सीईओ की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जल को बचाने के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें जल यात्रा, जल वंदना, जल शपथ, जल संकल्प, जल अर्पण और जल बंधन जैसे कार्यक्रम शामिल रहे। इन गतिविधियों के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों को जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जल को जीवन का आधार बताते हुए भविष्य में जल की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम के बड़ी संख्या में ग्रामवासी, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य, वॉल ऑपरेटर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रबंधक जनसहभागिता श्रीमती निशा परिहार ने अपने संबोधन में जल और नारी के गहरे संबंध पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल जीवन का आधार है और स्वच्छ एवं सुरक्षित जल हर व्यक्ति के स्वस्थ जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल का संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है और इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।
इस अवसर पर जल निगम के प्रबंधक मयंक गोयल, प्रबंधक जनसहभागिता श्रीमती निशा परिहार, उपप्रबंधक पंकज कुशवाहा, भागीरथ चढ़ार, धीरज तिवारी, मुकेश कुमार सोनी, शिखा सिंह चौहान, प्राची गुप्ता तथा अभिलाष दुबे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
पूरा कार्यक्रम उत्साह और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।






