
ब्यूरो रिपोर्ट
गुरुवार को दैनिक भास्कर अखबार में “प्रभारी मंत्री: जिले नहीं भाते, 18 महीने में 10 दौरे भी नहीं” शीर्षक से प्रकाशित खबर के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल के दौरे, रात्रि विश्राम एवं बैठकों के संबंध में प्रकाशित आंकड़े पूरी तरह असत्य हैं।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने जिले के प्रभारी मंत्री नियुक्त होने के बाद से अब तक जिले में कुल 22 दौरे किए हैं, जिनमें 11 रात्रि विश्राम एवं 11 विभागीय समीक्षा बैठकें शामिल हैं। इसके अलावा प्रत्येक आगमन पर सर्किट हाउस में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें कर समसामयिक विषयों और योजनाओं के क्रियान्वयन पर समीक्षा की गई हैं। साथ ही रात्रि में भी औचक निरीक्षण कर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया है। अखबार में प्रकाशित 9 दौरे, 4 रात्रि विश्राम एवं 3 बैठकों से संबंधित आंकड़े तथ्यात्मक रूप से गलत हैं।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल अपने प्रभार के बैतूल जिले में निरंतर सक्रिय रहते हुए विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने नवाचार के रूप में विधानसभा स्तर पर भी नियमित बैठकें कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया है।






