
ब्यूरो रिपोर्ट
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का धूमधाम से मनाया वार्षिकोत्सव
- स्वयंसेवकों ने दंड योग और विभिन्न अभ्यास कर परंपरागत शिस्त का किया प्रदर्शन
बैतूल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का लाल बहादुर शास्त्री बस्ती शाखा का वार्षिक उत्सव यूरो किड्स स्कूल हनुमान मंदिर, इटारसी रोड में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 15 मार्च को सांय 4.30 बजे शुरू हुआ, जब सभी स्वयंसेवक एकत्रित हुए और दंड योग के माध्यम से अपने अभ्यास का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर संघ चालक संजय घिघोड़े, बस्ती प्रमुख सुखदेव पांसे और अन्य प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर संघ चालक संजय घिघोड़े ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापकों में डॉ. मुंजे और डॉ. हेडगेवार प्रमुख थे। संघ ने हिन्दू महासभा और सावरकर के विचारों को अपना आधार बनाया तथा हिन्दू राष्ट्रवाद और सैनिकीकरण के सिद्धांतों का पालन किया।
श्री घिघोड़े ने बताया कि संघ की विस्तार योजना के तहत नागपुर कार्यालय से बड़ी संख्या में युवक विभिन्न शहरों जैसे दिल्ली, लाहौर, पेशावर, मद्रास, गुवाहाटी आदि में शाखाएं स्थापित करने हेतु भेजे गए। उन्होंने यह भी बताया कि डॉ. हेडगेवार ने भारत की गुलामी के कारणों को गहराई से समझा और इसके स्थायी समाधान के लिए संघ कार्य प्रारम्भ किया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने समता: द्विपद पुरसर, द्विपद प्रतिसर, द्विपद वामसर, द्विपद दक्षिणसर, वामव्रत, दक्षिणव्रत, अर्धवृत, मितकाल, प्रचल, प्रहार प्रक्रम, प्रहार अपक्रम, प्रहार मार प्रयोग, नियुद्ध, क्षेप और पदविन्यास सहित कई दंड योग और व्यायाम किये। इसके अलावा खेल अभ्यासों में ताड़ासन, अर्धकटीचक्रासन और अन्य योगासन, प्रणाम योग, करतल योग, वंशी योग और बंदूक योग के 16 अंकों में अभ्यास भी शामिल थे। इस वार्षिकोत्सव ने स्वयंसेवकों के बीच अनुशासन, शारीरिक फिटनेस और संगठनात्मक भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।